कलेक्ट्रेट परिसर में धरना पर बैठे भाकियू के नेता
कन्नौज (यूपी) भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने शुक्रवार से कलक्ट्रेट परिसर में 75 घंटे का धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यूनियन के नेताओं का कहना है कि लखीमपुर खीरी कांड को लेकर पूरे देश में धरना चल रहा है।
धरने पर बैठे जिलाध्यक्ष शमीम सिद्दीकी ने बताया कि भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत के आह्वान पर धरना शुरू किया है। 75 घंटे तक धरना दिया जाएगा। हमारी मांग है कि लखीमपुर कांड के आरोपी केंद्रीय राज्यमंत्री अजय मिश्र को पद से बर्खास्त किया जाए। साथ ही वायदे के मुताबिक फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाया जाए।
जिलाध्यक्ष का कहना है कि समर्थन मूल्य घोषित तो हो जाता है, लेकिन किसानों को मिलता नहीं है। कलक्ट्रेट में किसानों ने नारेबाजी भी की। जिला प्रवक्ता डॉ. आरके कटियार, साजिद हुसैन, रिजवान अहमद, सत्यम प्रजापति, रनवीर सिंह यादव, आलोक राजपूत, अनुराग यादव, अनिल कुमार, कमलेश भारती व अशोक कश्यप भी मौजूद रहे।